जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र में लगाए जा रहे विद्युत तार (केबल) की गुणवत्ता को लेकर भाजपा ने विद्युत विभाग पर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा उलिडीह मंडल अध्यक्ष रविन्द्र सिंह सिसोदिया ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मानगो को ज्ञापन सौंपकर तारों की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मानगो क्षेत्र में लगाए गए विद्युत तारों की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों के बीच लगातार संदेह और शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप लगाया गया है कि निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता वाले तारों का उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे विद्युत आपूर्ति की सुरक्षा और विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है।
भाजपा नेता ने यह भी दावा किया है कि क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में तारों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि संबंधित तारों की जांच किसी सक्षम अधिकारी या प्रयोगशाला से कराई जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित एजेंसियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
साथ ही भाजपा ने जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग भी की है, ताकि उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी मिल सके और पारदर्शिता बनी रहे।

