चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर क्षेत्र अंतर्गत सिमिदीरी चोंगासाई गांव में शनिवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवा के कारण गांव के कई घरों के छप्पर उड़ गए, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, एक घर का छप्पर उड़कर दूसरे हिस्से में जा गिरा, जिसकी चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि आंधी काफी तेज थी, जिसके कारण कच्चे और टीन छप्पर वाले घरों को ज्यादा नुकसान हुआ। कई परिवारों के घरों की छतें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। घटना के बाद प्रभावित परिवारों में चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, मौसम खराब होने के कारण क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

