Breaking
Sat. May 23rd, 2026

मंझारी और टोकलो में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, आठ मामले दर्ज*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। अधीक्षक उत्पाद पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर अवर निरीक्षक निर्भय सिन्हा के नेतृत्व में 21 और 22 मई को मंझारी तथा टोकलो थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल आठ अभियोग दर्ज किए गए।

21 मई को मंझारी थाना क्षेत्र के पूर्णिया गांव में संचालित अवैध चुलाई शराब की तीन भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। छापेमारी के दौरान 20 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। वहीं शराब निर्माण के लिए रखे गए करीब 800 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। तीनों भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं 22 मई को टोकलो थाना के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर महलीसाहि गांव में संचालित पांच अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान 40 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई तथा शराब निर्माण के लिए रखे गए करीब 1600 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया। पांचों भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

दोनों दिनों की कार्रवाई में कुल 60 लीटर अवैध चुलाई शराब और 2400 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया। उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही है।

Related Post