Breaking
Fri. Aug 28th, 2026

टाटा स्टील इंटर डिविजनल हैंडबॉल टूर्नामेंट 2026 संपन्न, वेस्ट बोकारो टीम बनी चैंपियन

जमशेदपुर। टाटा स्टील इंटर डिविजनल हैंडबॉल टूर्नामेंट (पुरुष) 2026 का गुरुवार को शानदार समापन हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल, टीम भावना और अनुशासन का परिचय दिया। प्रतियोगिता में विभिन्न डिवीजनों की कुल 9 टीमों के 108 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें वेस्ट बोकारो टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने बेहतरीन तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं एसेट एंड एनर्जी मैनेजमेंट की टीम उपविजेता रही। तीसरे स्थान पर टीएसजे ऑपरेशंस की टीम रही।

समापन समारोह में चीफ गेस्ट के रूप में टाटा स्टील के चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी मौजूद रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल फिटनेस को बढ़ावा देता है, बल्कि कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, टीमवर्क और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में हेड स्पोर्ट्स (इवेंट्स एंड ट्रेनिंग सेंटर्स) कैप्टन मनीष सिन्हा भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी टीमों और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बधाई दी।

टूर्नामेंट का आयोजन कर्मचारियों के बीच फिटनेस, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया था। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों और सहकर्मियों का भी उत्साह देखने को मिला। अंत में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ टूर्नामेंट का समापन हुआ।

Related Post