Breaking
Wed. Jun 10th, 2026

महंगाई और मनरेगा मुद्दे पर युवा कांग्रेस का मंथन, संगठन विस्तार पर जोर

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कार्यालय स्थित कांग्रेस भवन में बुधवार को युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी दीपक साव मौजूद रहे। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान बढ़ती महंगाई, मनरेगा बचाव अभियान तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और मजदूर वर्ग भी परेशान है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाना होगा।

बैठक में मनरेगा योजना को ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसे कमजोर करने के प्रयासों का विरोध करने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन विस्तार अभियान चलाकर युवाओं को पार्टी से जोड़ने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार की गई।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संदीप सन्सी देवगम, जिला महासचिव राजीव बोयपाई, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश संवेया, चक्रधरपुर विधानसभा अध्यक्ष प्रतीक कुमार, राजू कांयम, खूटपानी प्रखंड अध्यक्ष सकारी दोंगो, कुजरी मेलगांडी, कुंदन सिंकु समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post