Breaking
Wed. May 20th, 2026

रंगदारी के लिए कपड़ा दुकान पर फायरिंग करने वाले मनीष सिंह गैंग के 6 अपराधी गिरफ्तार

जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित ‘यूनिक कलेक्शन’ कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मनीष सिंह गैंग के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मैरून रंग की वैगनआर कार, चार अवैध देसी पिस्तौल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा और छह एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले का खुलासा बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी ललित मीणा ने किया।

सिटी एसपी ने बताया कि 15 मई को कुछ अपराधी वैगनआर कार से जुगसलाई पहुंचे थे और रंगदारी नहीं देने पर इलाके में दहशत फैलाने तथा अपना वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से ‘यूनिक कलेक्शन’ दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। घटना के बाद जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी विधि-व्यवस्था तौकीर आलम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 19 मई को शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर घटना में शामिल सभी छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल कुमार उर्फ राहुल सिंह उर्फ बडकू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक और बानेश्वर नामता शामिल हैं। पूछताछ में सभी ने मनीष सिंह गिरोह से जुड़े होने और फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। बानेश्वर नामता के खिलाफ चांडिल, चौका, आरआईटी, अड़सा और तिरुलडीह थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं अंकित सोनकर के खिलाफ बर्मामाइंस और टेल्को थाना में तथा राहुल उर्फ बडकू और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के खिलाफ गोलमुरी थाना में पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में डीएसपी तौकीर आलम, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां, सब-इंस्पेक्टर धनंजय कुमार सिंह, आलोक कुमार, संतोष कुमार यादव, विवेक कुमार पंडित, एएसआई दिलीप कुमार यादव, हवलदार वासुदेव महतो तथा गृह रक्षक चालक बिहारी कुमार मिश्रा और जवान सलमान अख्तर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post