Breaking
Sun. May 17th, 2026

तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से कांग्रेस नेता की मां की मौत,चक्का जाम,

चतरा : जिले के हंटरगंज चतरा-डोभी मुख्य पथ एनएच 22 पर हंटरगंज पुराना हाई स्कूल के समीप शनिवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक हाइवा में सड़क किनारे जा रही महिला की साड़ी फंस गई, जिससे वह असंतुलित होकर गिर गई, जिसके बाद हाइवा चालक महिला को टक्कर मार रौंदते हुए पार हो गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव कई टुकड़ों में बट गया।मृतका की पहचान जिला कांग्रेस ओबीसी अध्यक्ष सरवन कुमार साव की 60 वर्षीय मां कांति देवी के रूप में हुई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चतरा – डोभी मुख्य पथ को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही हंटरगंज पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, सीओ ऋतिक कुमार और बीडीओ निखिल गौरवकमान कच्छप दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद हाइवा को जब्त किया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

*शव को सड़क पर रखकर पांच घंटे तक चक्काजाम*

दुर्घटना के विरोध में परिजन और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे।दोपहिया वाहनों को छोड़कर सभी बड़े वाहनों का आवागमन रोक दिया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जाम हटवाने के लिए सर्किल इंस्पेक्टर, विपिन कुमार, एसआई नितेश प्रसाद,दिलीप कुमार, भोला साह, वीरेंद्र तिवारी, वीरबहादुर सिंह समेत थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन परिजन और ग्रामीण तत्काल सहायता राशि और वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान करीब पांच घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

*बीडीओ,सीओ और पुलिस इंस्पेक्टर के आश्वासन पर खुला जाम*

मामले की जानकारी मिलने पर हंटरगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी निखिल गौरव कमान कच्छप, अंचल अधिकारी ऋतिक कुमार और पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन माने शव उठाया गया।महिला की अचानक मौत से गांव में मातम छा गया। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

पीड़ित परिजनों के द्वारा लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस के द्वारा आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। नियमों के तहत मामले में कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना की भयावहता की चर्चा आसपास के लोग करते रहे। इस हादसा का वीडियो सीसीटीवी में कैद हुआ है। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वही लोग स्थानीय पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

*कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने सांसद – विधायक पर साधा निशाना, कहा सिर्फ यहां की जनता भोज खाने के लिए नहीं दी वोट,*

घटना की जानकारी मिलते कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रदेव गोप और प्रखंड अध्यक्ष कमेंद्र कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। और दुःख जताते हुए परिजनों का ढांढस बंधाया। जिला अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी और हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने जिला प्रशासन पर लापराही का आरोप लगाते हुए कहा कि आज भी नाबालिक बच्चे हाईवा चला रहे हैं, उनसे कम मजदूरी में काम करवाया जा रहा है। ट्रिप की चक्कर में नाबालिक चालक तेज गति में वाहन चला रहे हैं। उन्होंने स्थानीय विधायक और सांसद पर भी तंज कसते हुए कहा कि ऐसे मुद्दे को ना तो विधायक विधानसभा में उठाते हैं ना ही सांसद पार्लियामेंट में उठाते हैं, यहां की जनता सिर्फ इन्हें छठीयार और शादी में भोज खाने के जिताए है। उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर सोमवार को एक बैठक रखी जाएगी। ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो।

Related Post