Breaking
Sat. Jun 27th, 2026

जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पिकलबॉल कोर्ट और स्पोर्ट्स हॉस्टल का हुआ उद्घाटन

जमशेदपुर। शनिवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में “पिकलबॉल कोर्ट” और एक आधुनिक स्पोर्ट्स हॉस्टल का उद्घाटन हुआ। इस नई पहल के साथ टाटा स्टील कंपनी ने शहर के खेल ढांचे को और मजबूत करने तथा खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

इन सुविधाओं का उद्घाटन टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डी. बी. सुंदरारामन ने किया। इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

टाटा स्टील द्वारा शुरू किया गया “पिकलबॉल कोर्ट” देश में तेजी से लोकप्रिय हो रहे इस खेल को जमशेदपुर के खेल परिदृश्य में शामिल करने की एक पहल है। यह सुविधा खिलाड़ियों को अभ्यास, मनोरंजन और प्रतिस्पर्धात्मक खेल के लिए एक पेशेवर मंच प्रदान करेगी। इसे “पे एंड प्ले” मॉडल के तहत शुरू किया गया है, जिससे सभी आयु वर्ग और स्तर के खिलाड़ी इसका लाभ उठा सकेंगे।

इस सुविधा के लिए निर्धारित शुल्क के अनुसार दिन के समय (सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक) एक कोर्ट के लिए प्रति घंटे 300 रुपये तथा प्राइम टाइम (शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक) प्रति घंटे 400 रुपये शुल्क रखा गया है।

खिलाड़ी ऑनलाइन माध्यम से आसानी से स्लॉट बुक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “पे एंड प्ले” सेक्शन में पिकलबॉल कोर्ट का चयन करना होगा और अपनी सुविधा अनुसार समय स्लॉट बुक करना होगा।

जे आर डी टाटा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स परिसर में स्थापित नया स्पोर्ट्स हॉस्टल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जो विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण के लिए आने वाले खिलाड़ियों को आरामदायक और अनुकूल आवासीय वातावरण प्रदान करेगा। इस हॉस्टल का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण माहौल देना और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद करना है।

अधिकारियों ने बताया कि यह पहल टाटा स्टील की उस दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत वह विश्वस्तरीय खेल बुनियादी ढांचे का निर्माण और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का कार्य करती रही है।

जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स लंबे समय से क्षेत्र का प्रमुख खेल केंद्र रहा है और अब पिकलबॉल कोर्ट तथा स्पोर्ट्स हॉस्टल के जुड़ने से यह और अधिक सशक्त खेल हब के रूप में उभरेगा, जो युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगा और उच्च स्तरीय प्रदर्शन के लिए अवसर प्रदान करेगा।

Related Post