Breaking
Sun. Sep 27th, 2026

सड़क हादसे में राजमिस्त्री की मौत, गांव में पसरा मातम

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में 65 वर्षीय राजमिस्त्री उत्तम पतर की मौत हो गई। वह सुशीजुगनी गांव के निवासी थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, उत्तम पतर शाम को घर का जरूरी सामान खरीदने बाजार गए थे। देर रात सामान लेकर लौटने के दौरान अनुमंडल अस्पताल के सामने तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घाटशिला थाना पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

Related Post