Breaking
Sun. Oct 18th, 2026

रांची रेलवे स्टेशन से अगवा चार वर्षीय बच्चा साहिबगंज से सकुशल बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

रांची। रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर की सुबह अगवा किए गए चार वर्षीय बच्चे को रांची पुलिस ने करीब दो दिन बाद साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से धनबाद पुलिस के सहयोग से की गई, जबकि चार अन्य आरोपियों को साहिबगंज पुलिस की मदद से तीनपहाड़ में छापेमारी कर पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई थी जब चार वर्षीय बच्चा अपनी मां से अलग हो गया था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। बच्चे के अपहरण की सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और बच्चे की तलाश के लिए तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर लगातार छापेमारी की गई। 26 सितंबर की रात पुलिस टीम ने धनबाद पुलिस के सहयोग से एक आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन के आसपास से गिरफ्तार किया। पूछताछ और उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने साहिबगंज पुलिस के साथ समन्वय कर तीनपहाड़ इलाके में कार्रवाई की। वहां छापेमारी कर चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर अपहृत बच्चे को तीनपहाड़ से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार बच्चे की स्थिति सुरक्षित है। उसे उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अब अपहरण के पीछे के कारण, आरोपियों के आपसी संबंध और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Post