Breaking
Sat. Aug 29th, 2026

सात साल से फरार तारिक कुरैशी गिरफ्तार, पिस्टल और गोली बरामद

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में चर्चित मोहम्मद जब्बार हत्याकांड तथा हाल में हुई लूट और फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी तारिक कुरैशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक लोडेड पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

शनिवार को एसडीपीओ अरविंद सिन्हा ने बताया कि करीब सात वर्ष पहले डेमडुब्बी इलाके में कपाली ओपी के पूर्व चालक मोहम्मद जब्बार की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच के दौरान तारिक कुरैशी का नाम सामने आया था। वह डेमडुब्बी अंसार नगर का रहने वाला है और घटना के बाद से महाराष्ट्र के नागपुर में छिपकर रह रहा था।

इधर कुछ दिन पहले डेमडुब्बी इलाके में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से हथियार के बल पर लगभग डेढ़ लाख रुपये की लूट की गई थी। अपराधियों ने लोगों में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोखा बरामद किया था, जबकि पूरी वारदात पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

पुलिस दोनों मामलों की लगातार जांच कर रही थी। जांच में तारिक कुरैशी की संलिप्तता सामने आने के बाद विशेष टीम का गठन कर कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके सहयोगियों और अन्य आपराधिक मामलों में उसकी भूमिका की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Related Post