चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित लगभग 24 निशुल्क सामुदायिक ग्रामीण एवं मोहल्ला पुस्तकालयों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को जिला उपायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान पुस्तकालयों के संचालन, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय संचालन की पहल की सराहना करते हुए बेहतर व्यवस्था और संचालन के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने संचालन समितियों से पुस्तकालय परिसरों में वृक्षारोपण करने, बच्चों के लिए करियर काउंसलिंग आयोजित करने तथा समय-समय पर बुक फेयर लगाने का आग्रह किया।
इसके साथ ही स्थानीय भाषाओं में पाठ्य सामग्री और पाठ्यक्रम को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक माह की 20 तारीख को पुस्तकालय में बच्चों का जन्मोत्सव मनाकर उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने जिले में आयोजित रक्तदान शिविरों में भी पुस्तकालय से जुड़े लोगों और युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बैठक में यह संदेश दिया गया कि एक बेहतर पुस्तकालय ही बेहतर समाज की मजबूत नींव तैयार करता है।

