जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy ने मानगो पेयजल परियोजना के तहत बालीगुमा पानी टंकी को शीघ्र चालू कराने की दिशा में सक्रिय पहल करते हुए डिमना चौक से डिमना नाला तक पूरे क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनएचएआई तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के अभियंताओं के साथ विस्तार से बातचीत कर पाइपलाइन बिछाने के उपयुक्त मार्गों पर गंभीर मंथन किया। सरयू राय ने मौके पर ही स्पष्ट किया कि परियोजना में देरी स्वीकार्य नहीं है और तकनीकी रूप से सर्वश्रेष्ठ विकल्प को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के अभियंताओं ने बताया कि एनएच-33 पर चल रहे निर्माण कार्य और रैम्प संरचना को ध्यान में रखते हुए पाइपलाइन सुरक्षा के लिए दो वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं। पहले विकल्प में पाइपलाइन को एनएच के यूटिलिटी कॉरिडोर से होते हुए डिमना नाला के किनारे से बालीगुमा टंकी तक ले जाने की योजना है, जबकि दूसरे विकल्प में डिमना नाला को अस्थायी रूप से पार कर बाद में निर्माणाधीन पुल के माध्यम से स्थायी समाधान करने की बात शामिल है।
दोनों विकल्पों पर सहमति बनाते हुए सरयू राय ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता से कहा कि वे स्वतंत्र रूप से तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन कर सबसे उपयुक्त मार्ग का चयन करें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि किसी प्रकार का दबाव निर्णय प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करना चाहिए। राय ने कहा कि यदि निर्णय निष्पक्ष और तेजी से लिया गया तो वर्षों से बंद पड़ी बालीगुमा टंकी से जलापूर्ति कुछ ही दिनों में शुरू हो सकती है।
इस मौके पर भाजपा नेता नीरज सिंह, वार्ड पार्षद राजेश सिंह और जितेंद्र साव, जदयू नेता पप्पू सिंह, नीरज सिंह सहित बालीगुमा के स्थानीय नागरिक डी मिश्रा, नरेन महतो, संजीव मुखर्जी, पिंटू सिंह, श्याम सिंह और बीरू कुमार उपस्थित रहे।

