Breaking
Sun. Sep 27th, 2026

*कासेया में 25 केवी ट्रांसफार्मर का पूर्व मंत्री ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को बिजली समस्या से मिलेगी राहत*

चाईबासा : मझगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर प्रखंड के कासेया गांव में रविवार को 25 केवी ट्रांसफार्मर का उद्घाटन भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने फीता काटकर किया। नए ट्रांसफार्मर के लगने से गांव में बिजली व्यवस्था सुचारू होने और लंबे समय से बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली लोगों के दैनिक जीवन की बुनियादी जरूरत बन गई है। बिजली के बिना ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, कृषि, पेयजल, छोटे व्यवसाय सहित कई जरूरी कार्य प्रभावित होते हैं। ऐसे में यदि गांवों में बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी रहेगी तो विकास की कल्पना करना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है, ताकि लोगों को अपने दैनिक कार्यों के लिए परेशान नहीं होना पड़े।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों के पास उम्मीद के साथ पहुंचते हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विधायक और सांसद की जिम्मेदारी है कि वे जनता की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष रखें और उनके समाधान के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा तो जनता अपनी मांग और समस्या किसके सामने रखेगी। जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की आवाज को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं।

गागराई ने ग्रामीणों से कहा कि बिजली सुविधा मिलने के बाद गांव में शिक्षा और कृषि समेत अन्य कार्यों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने ग्रामीणों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया, जिनके सहयोग से ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में तांतनगर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष योगेश सवैया, सुरेन्द्र बोयपाई, बिरेंद्र कुंकल, टीपु मुंडा, सदाशिव कुम्हार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे।

Related Post