विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल में जिला प्रशासन और मेराकी फाउंडेशन के सहयोग से नशा मुक्ति अभियान आयोजित
जमशेदपुर: विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल परिसर में गुरुवार को जिला प्रशासन, मेराकी फाउंडेशन और स्कूल प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिटी एसपी ललित मीणा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, “अपनी क्षमता बढ़ाओ, नशे में मत जाओ।” उन्होंने बच्चों को न सिर्फ नशे से दूर रहने की सलाह दी, बल्कि पढ़ाई, करियर निर्माण और अनुशासित जीवन के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मोबाइल फोन की लत को भी एक प्रकार का नशा बताते हुए विद्यार्थियों को उसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में आजाद नगर थाना प्रभारी चंदन कुमार उपस्थित थे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है और युवा पीढ़ी को सही दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. निधि श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया तथा विद्यालय की उपलब्धियों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी।
मेराकी फाउंडेशन की सचिव रीता पात्रा ने संस्था द्वारा किए जा रहे समाज कल्याण कार्यों और जिला प्रशासन के साथ मिलकर चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के संयोजक एवं आजाद नगर थाना पीस कमिटी के सचिव मुख्तार आलम खान ने भी अपने विचार साझा किए और युवाओं को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। धन्यवाद ज्ञापन शाहनवाज खान ने किया।
इस अवसर पर सिविल डिफेंस के डिप्टी चीफ दया कुमार मिश्रा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में समाजसेवी रज़ी नौशाद, राजू गोराई, डॉ. ताहिर हुसैन, जमील असगर, सैयद तारिक, सिद्दीक अली, मास्टर खुर्शीद अहमद खान, अनुभव कुमार सिन्हा, अबरार आलम, मो. मोइनुद्दीन अंसारी, अब्दुल हफिज, आफताब आलम, मो. आसिफ और जुबैर आलम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।

