Breaking
Mon. May 25th, 2026

धनबाद में आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 साल के मासूम को नोचकर मार डाला, खेलते समय हुआ हमला

धनबाद। जिले के गोनुडीह ओपी क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 साल के एक मासूम बच्चे को नोच-नोच कर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

घटना गोनुडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत भोलानाथ बसेरिया स्थित 4 नंबर यादव बस्ती की है। मृत बच्चे की पहचान अंकित यादव के रूप में हुई है, जो कुंदन यादव का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, अंकित घर के पास स्थित हनुमान मंदिर के समीप खेल रहा था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों का एक झुंड वहां पहुंचा और बच्चे को घेर लिया।

बताया जाता है कि कुत्तों ने कुछ ही क्षणों में अंकित पर हमला कर दिया और उसके शरीर को कई जगह बुरी तरह नोच डाला। मासूम के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक कुत्ते उसे गंभीर रूप से घायल कर चुके थे। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और खून से लथपथ हालत में बच्चे को उठाकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नगर निगम या संबंधित विभाग ने आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए कदम उठाए होते, तो शायद इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, जिसमें कुत्तों को पकड़ने और इलाके को सुरक्षित बनाने की बात कही गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। यह घटना एक बार फिर शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बढ़ते आवारा कुत्तों के खतरे की ओर ध्यान खींचती है।

Related Post