चतरा : सिमरिया थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर सामने आया, जहां सड़क दुर्घटना में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे करीब आठ घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटिया मूर्वे गांव निवासी लगभग 40 वर्षीय बिखी देवी डाड़ी चौक से आवास योजना की राशि निकालकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान मूर्वे स्थित ईश्वर दयाल पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार टर्बो 409 वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल रेफरल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना पर सिमरिया अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय एवं थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया। अंचल अधिकारी की पहल पर हाईवा एसोसिएशन की ओर से मृतका के परिजनों को तत्काल 1 लाख 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
इसके साथ ही प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आपदा प्रबंधन मद से 4 लाख रुपये तथा ‘हिट एंड रन’ योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपये अतिरिक्त मुआवजा दिलाया जाएगा। प्रशासनिक आश्वासन और आर्थिक सहायता मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया, जिससे आवागमन पुनः सामान्य हो सका।
मौके पर कई समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

