Breaking
Sat. May 2nd, 2026

पश्चिम बंगाल उपचुनाव 2026: पुनर्मतदान शांतिपूर्ण, मगर आरोप-प्रत्यारोप से गरमाई सियासत

पश्चिमी बंगाल।पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा उपचुनाव के बीच दक्षिण 24 परगना जिले की दो अहम सीटों पर शनिवार को पुनर्मतदान कराया गया। चुनाव आयोग के निर्देश पर मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के कुल 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग हुई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, जिसके चलते मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही, लेकिन राजनीतिक माहौल आरोप-प्रत्यारोप से गर्म बना हुआ है।

मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों—46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232—पर पुनर्मतदान कराया गया। वहीं डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 143) के बूथ संख्या 117, 179, 194 और 243 पर भी दोबारा मतदान हुआ। ये सभी बूथ पहले चरण की वोटिंग के दौरान कथित गड़बड़ियों और शिकायतों के चलते चुनाव आयोग द्वारा रद्द कर दिए गए थे।

सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग में मतदाताओं ने शुरुआती घंटों से ही उत्साह दिखाया। सुबह 9 बजे तक मगराहाट पश्चिम में 16.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि डायमंड हार्बर में 15.83 प्रतिशत वोटिंग हुई। दोनों सीटों को मिलाकर औसत मतदान 16.23 प्रतिशत रहा। मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं और ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह नजर आया।

चुनाव आयोग ने इस पुनर्मतदान को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती, वेबकास्टिंग और माइक्रो ऑब्जर्वर जैसे विशेष इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के अनुसार कहीं से भी बड़ी गड़बड़ी या हिंसा की सूचना नहीं मिली है।

हालांकि, राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया है कि पुनर्मतदान की स्थिति विपक्षी भारतीय जनता पार्टी की “साजिश” का परिणाम है, ताकि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सके। वहीं बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि पुनर्मतदान चुनावी गड़बड़ियों की वजह से जरूरी था और इससे निष्पक्षता सुनिश्चित होगी।

मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा, जबकि सभी सीटों की मतगणना 4 मई को की जाएगी। राजनीतिक दलों की नजर अब नतीजों पर टिकी है, जो राज्य की सियासत की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Related Post