चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान तांबो चौक से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, वहीं इस पूरे मामले को लेकर अब एक बड़े वाहन चोरी गिरोह से इनके संबंधों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
मामले की जानकारी देते हुए शनिवार को थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई मुफस्सिल थाना कांड संख्या 64/26, दिनांक 17 अप्रैल 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तांबो चौक पर तैनात पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में आते देखा। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे घबराए हुए नजर आए, जिसके बाद पुलिस को उन पर शक हुआ।
वाहन के कागजात मांगने पर तीनों युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जब बाइक के नंबर और इंजन-चेसिस नंबर की जांच की गई तो वह वाहन चोरी का निकला। इसके बाद मौके पर ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनिल सावैयाँ (23 वर्ष), निवासी रघुनाथपुर थाना झींकपानी, शक्तिराज सुण्डी (23 वर्ष), निवासी नरसण्डा थाना मुफस्सिल और अभिजीत बुड़िउली (21 वर्ष), मूल निवासी आसुरा नीचे टोला थाना झींकपानी एवं वर्तमान निवासी हेस्साबासा थाना मुफस्सिल के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि तीनों आरोपी चोरी की बाइक का उपयोग इलाके में घूमने और संभवतः अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए कर रहे थे। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बाइक कहां से चोरी की गई थी और क्या इनका संबंध किसी संगठित वाहन चोरी गिरोह से है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से भी इनका लिंक खंगाला जा रहा है। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि इस गिरफ्तारी के बाद वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

