Breaking
Thu. Jun 11th, 2026

रांची में दिनदहाड़े जमीन कारोबारी पर फायरिंग, हालत गंभीर

रांची। पंडरा ओपी क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब बाइक सवार अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को गोली मार दी। घटना सुबह करीब 8 बजे ओटीसी मैदान के समीप हुई, जहां भार्गव सिंह नियमित रूप से मंदिर में पूजा करने पहुंचा था। इसी दौरान तीन अज्ञात हमलावर बाइक पर पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।

गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल भार्गव सिंह को तुरंत नजदीकी सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पारस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली उसके सीने के दाहिने हिस्से में लगी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि भार्गव सिंह बैंक कॉलोनी का निवासी है और “गोल्डन सिटी इंडिया” नामक कंस्ट्रक्शन कंपनी का संचालन करता है। हाल के दिनों में वह हुरहुरि इलाके में एक नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान जमीन को लेकर उसका विवाद विजय हेंड्रिक टेटे नामक व्यक्ति से हुआ था। दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी, जिसे इस हमले से जोड़कर देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, भार्गव सिंह हर मंगलवार को बजरंगबली मंदिर में पूजा करने आता था। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले उसकी रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post