Breaking
Mon. Apr 20th, 2026

खप्परसाई गांव में ‘चिराग श्री’ फाउंडेशन का पांचवां फ्री ट्यूशन सेंटर शुरू, बच्चों को मिला नया शैक्षणिक सहारा

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्र खप्परसाई में सोमवार को शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। ‘चिराग श्री’ फाउंडेशन ने यहां अपने पांचवें निशुल्क ट्यूशन सेंटर की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे मौजूद रहे, जिससे पूरे गांव में उत्साह का माहौल बन गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी रमेश खिरवाल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में खप्परसाई की मुखिया गीतांजली बोदरा, गुटुसाइ की मुखिया सुमित्रा देवगम और ‘प्रयास एक नई पहल’ संस्था से जुड़े गुरमुख सिंह खोखर, सीमा तिर्की, मिनाक्षी तथा रंजन सिंह शामिल हुए। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण बच्चों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर देते हैं।

फाउंडेशन की संस्थापक नेहा निषाद ने बताया कि गांव के कई बच्चे जागरूकता और उचित शैक्षणिक माहौल के अभाव में पढ़ाई से दूर हो रहे थे। इसी समस्या को देखते हुए इस ट्यूशन सेंटर की शुरुआत की गई है, ताकि बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़े और उन्हें सही दिशा मिल सके।

संस्था के सदस्य अंकित साह ने बताया कि यह फाउंडेशन का पांचवां सेंटर है और यहां पढ़ने वाले बच्चों को समय-समय पर जरूरी शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि संसाधनों की कमी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।

उद्घाटन के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। फाउंडेशन की ओर से कॉपी, पेन, पेंसिल सेट के साथ-साथ खाद्य सामग्री और अल्पाहार का वितरण किया गया। बच्चों ने नए सेंटर को लेकर खुशी जताई और नियमित रूप से पढ़ाई करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संस्था के सदस्य आस्था, शीतल, रवि शर्मा, ओम, अजय और चंदा समेत अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Related Post