जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को स्थित मछुआ बस्ती में सामुदायिक भवन को लेकर चल रहा विवाद अब खुलकर प्रशासन तक पहुंच गया है। सोमवार को बस्ती के सैकड़ों लोग, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं, उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि बस्ती के एक व्यक्ति द्वारा सामुदायिक भवन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे पूरे इलाके के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए उपायुक्त कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सामुदायिक भवन, जो बस्ती के लोगों के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बनाया गया था, उसे अब निजी उपयोग में लिया जा रहा है और आम लोगों को वहां प्रवेश तक नहीं दिया जा रहा।
लोगों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति न केवल भवन पर कब्जा जमाए हुए है, बल्कि भवन के सामने की खाली जमीन पर भी जबरन निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई और कुछ लोगों पर धारदार हथियार से हमला भी किया गया। इस घटना से बस्ती में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी इसी बस्ती में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा है। प्रारंभिक तौर पर इस झड़प का कारण डीजे बजाने को लेकर विवाद बताया गया था, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे गलत बताते हुए कहा कि असली वजह सामुदायिक भवन पर कब्जा ही है, जो लंबे समय से विवाद का कारण बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, सामुदायिक भवन को कब्जा मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

