कोडरमा। कोडरमा थाना अंतर्गत दूधीमाटी के समीप चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जहां किराए में रहने वाली एक महिला के घर में उसकी उपस्थिति में चोर घर में घुस कर उनके जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए हैं। मामले की जानकारी देते हुए पीड़िता पूजा कुमारी (पति बालमुकुंद कुमार) ने बताया कि वह उक्त मकान में किराएदार के रूप में रह रही हैं। मंगलवार की शाम वे अपने गांव एक तिलक समारोह में शामिल होने के लिए गई हुई थी। वहीं बुधवार की सुबह वे वापस कोडरमा स्थित उक्त मकान पहुंची और अपने सारे जेवरात को एक बैग में डालकर अपने कमरे में खूंटी में टांग कर स्नान करने चली गई। जब वह स्नान करके वापस आईं और अपने छोटे बेटे जो विद्यालय से आया था, उसे लेने के लिए घर से बाहर सड़क पर आई और बेटे को लेकर अपने कमरे में चली गई। इसके बाद शाम करीब 6 बजे जब वे उक्त बैक को अलमीरा में रखने के लिए जाने लगीं तो देखा की बैग खूंटी से गायब था। इसके पश्चात उन्होंने उनके ठीक बगल के कमरे में किराए में रह रहे अपने भाई तथा भाभी से पूछताछ की तो उन्होंने इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी। वह अपने बच्चों से इसके संबंध में पूछताछ करने लगी। जब उसका कहीं कुछ पता नहीं चला तो वह इसकी सूचना कोडरमा पुलिस को दी। इसके पश्चात कोडरमा पुलिस के जवान उक्त घर पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गए। उन्होंने बताया कि उनके बैग में करीब डेढ़ लाख रुपए के सोने के जेवरात (मंगलसूत्र, कान की बाली और सोने के कंगन) रखे हुए थे। साथ ही पर्स में दो हजार रुपये नगद भी रखे हुए थे। इधर जब उन्होंने इस बात की सूचना आज पड़ोस में दी तो पता चला कि उनके घर के ठीक पीछे रहने वाले अनिल सिंह ने मकान में भी चोरी हुई। अनिल सिंह की भाभी ने बताया कि बुधवार दोपहर वे अपने कमरे में सोई हुई थीं। इसी बीच अचानक से कुछ आवाज़ सुनकर वे उठीं और मुख्य दरवाजे के समीप पहुंची तो देखा कि एक महिला करीब 10-12 साल की एक बच्ची के साथ उनके दरवाजे पर खड़ी थी। इनको देखते ही वे भाग गईं। इधर उन्होंने देखा कि उनके देवर का कमरा खुला हुआ था और उक्त कमरे के अलमीरा का ड्रावर खुला था, जिसमें रखा 1 हजार रुपया था। दोनों घरों में हुई चोरी की घटना को लेकर लोगों को आशंका है कि उक्त महिला और बच्ची द्वारा ही घर में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं मोहल्ले के कई लोगों ने उक्त महिला और बच्चों को मोहल्ले में घूमते हुए देखने की बात कही है। इधर चोर के इस प्रकार बेखौफ घरों में घुस जाने के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

