दोषियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी, छावणी में पबदला गांव..
चतरा : जिले के वशिष्टनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दंतार गांव में असमाजिक तत्वाओं द्वारा धार्मिक आस्था को ठेस पहुँचाते हुए ईलाके में विधि-व्यवस्था भंग करने का असफल प्रयास किया गया है। गांव में मंदिर की दीवार पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी लिखे जाने से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और विरोध स्वरूप स्थानीय बाजार की दुकानें बंद कर दी गईं। बताया जाता है कि सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने भगवान राम और माता सीता के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द लिखे देखे। इसके बाद पूरे गांव में खबर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जिसके बाद सूचना मिलने पर वशिष्टनगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह और अंचलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर की दीवार पर लिखी गई आपत्तिजनक शब्दों को मिटवाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। एहतियातन पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, जिससे क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों नें चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक बाजार बंद रहेगा और आंदोलन जारी रहेगा। दंतार के ग्रामीणों नें सख्त लहजे में कहा है कि यह हमारी आस्था पर सीधा हमला है। पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बार जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, हम अपना आंदोलन जारी रखेंगे। दंतार में दुकाने अनिश्चितकाल के लिये बंद रहेंगी। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने पहुंचे थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह नें कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई है। आपत्तिजनक लिखावट को हटवा दिया गया है और दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

