जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार को एमजीएम और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में अवैध चुलाई शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला जावा महुआ बरामद किया गया।
उत्पाद विभाग की टीम ने छायानगर और बड़ाबांकी इलाके में कार्रवाई करते हुए करीब 200 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की। इसके अलावा शराब निर्माण के लिए तैयार रखा गया लगभग 12 हजार किलोग्राम जावा महुआ भी बरामद किया गया। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जावा महुआ का इस्तेमाल अवैध रूप से चुलाई शराब तैयार करने में किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त दो लोगों की पहचान की गई। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए फरार अभियोग चलाया गया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके कारण उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। विभाग की टीम अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
प्रशासन ने दुर्गा पूजा को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूजा के दौरान शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की जाएगी। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

