Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

टाटानगर स्टेशन पर महिला यात्री का सूटकेस चोरी, आरोपी घाटशिला से गिरफ्तार

जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री का ट्रॉली सूटकेस चोरी होने का मामला सामने आया, जिसमें आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई से आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना मंगलवार को प्लेटफार्म संख्या 02 और 03 के बीच हुई, जब छत्तीसगढ़ के कोरबा निवासी किरण सिंह ट्रेन से उतरने के बाद अपना सामान संभाल रही थीं।

बताया जाता है कि इसी दौरान उनका ट्रॉली सूटकेस चोरी हो गया। सूटकेस में उनके जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बीपीएससी परीक्षा का एडमिट कार्ड, कपड़े और करीब 600 रुपये नगद रखे हुए थे। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी टाटा की टीम तुरंत सक्रिय हुई और स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान शुभम गुप्ता के रूप में हुई, जो जमशेदपुर के मनीफीट इलाके का निवासी है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घाटशिला रेलवे स्टेशन से चोरी किए गए सूटकेस के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल पुलिस घाटशिला को सौंप दिया गया।

पीड़ित महिला किरण सिंह कोरबा से टाटानगर आई थीं और यहां से उन्हें पटना के लिए यात्रा करनी थी। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व टाटानगर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राकेश मोहन और जीआरपी थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने किया। पुलिस की तत्परता से न सिर्फ चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि महिला का सामान भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

Related Post