Breaking
Tue. Oct 6th, 2026

दारा गांव में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस*

चाईबासा।पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत दारा गांव में 28 वर्षीय युवक मोइका पूर्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक के चाचा रसिका पूर्ति ने बताया कि मोइका पूर्ति शादीशुदा था, लेकिन अभी तक उसकी कोई संतान नहीं थी। उसकी पत्नी इन दिनों अपने मायके में है, क्योंकि उसके पिता की तबीयत खराब है। उन्होंने बताया कि मोइका किसी तरह का नशा नहीं करता था और किसी से उसकी कोई दुश्मनी भी नहीं थी।

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात मोइका ने अपनी मां से खाना मांगा और उसी दौरान अपनी पत्नी से फोन पर बात भी कर रहा था। उसकी मां खाना लेकर कमरे में गई, लेकिन मोइका खाना खाए बिना ही घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह घर से करीब 400 मीटर दूर तालाब किनारे एक नीम के पेड़ में गमछे के सहारे फंदा लगाकर झूल गया।

घटना का पता तब चला जब उसका छोटा भाई हिंदू पूर्ति उसे खोजते हुए तालाब के पास पहुंचा। वहां उसने मोइका को फांसी के फंदे से लटका देखा। इसके बाद गांव में शोरगुल मच गया और परिजनों को घटना की जानकारी मिली।

ग्रामीण मुंडा द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल चाईबासा भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।

तांतनगर ओपी प्रभारी अरविंद कुशवाहा ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।

Related Post