Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

रेलवे के तांबे का केबल जलाकर चोरी करता युवक गिरफ्तार, आरपीएफ की कार्रवाई

रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता के चलते रांची मंडल में एक युवक को रेलवे सामग्री चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरपीएफ पोस्ट हटिया और सीआईबी आरपीएफ रांची की संयुक्त टीम ने डीआरएम बिल्डिंग, हटिया के पीछे स्थित डिविजनल स्टोर क्षेत्र में छापेमारी की।

शाम के समय गश्ती के दौरान टीम को झाड़ियों के बीच संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। जब जवान मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति रेलवे के तांबे के केबल को जलाते हुए पाया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत दबोच लिया।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास से लगभग 500 मीटर रेलवे का आंशिक रूप से जला हुआ तांबे का केबल, एक हेक्सा ब्लेड और माचिस बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कर्मू कच्छप (करीब 20 वर्ष) बताया, जो रांची जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर का रहने वाला है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह डिविजनल स्टोर की टूटी बाउंड्री वॉल के रास्ते अंदर घुसकर केबल चोरी करता था और उसे जलाकर तांबा निकालने की कोशिश कर रहा था।

आरपीएफ ने आरोपी को रेलवे संपत्ति (अनधिकृत कब्जा) अधिनियम, 1966 की धारा 3(ए) के तहत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में हटिया पोस्ट के उपनिरीक्षक दीपक कुमार और सूरज राजवंशी सहित स्टाफ बसंत सोये, नमन सूरीन, एस.के. साहु तथा अपराध शाखा रांची के संजय कुशवाहा और छोटे कुमार सिंह की अहम भूमिका रही।

Related Post