चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले में होली की खुशियों के बीच दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने माहौल को गमगीन कर दिया। चांडिल थाना क्षेत्र और कपाली ओपी इलाके में बुधवार को हुए हादसों में दो युवकों की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
पहली दुर्घटना टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिलगु स्थित पुल के समीप हुई। कांड्रा थाना क्षेत्र के छोटा बड़ामारी गांव निवासी 33 वर्षीय लोसो मुर्मू मोटरसाइकिल से चिलगु से कांदरबेड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह करीब 100 मीटर दूर जा गिरे। सड़क किनारे लगी रेलिंग से सिर टकराने के कारण उनका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे और चांडिल पुलिस को सूचित किया। उनके माध्यम से ही मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरी घटना कपाली ओपी अंतर्गत डोबो गांव के पास कांदरबेड़ा-डोबो मार्ग पर हुई। जमशेदपुर की ओर जा रहा लोहे की पत्तियों से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन तेज रफ्तार में था और चालक संतुलन नहीं बना सका। ट्रेलर पलटते ही उस पर लदा लोहा चारों ओर बिखर गया।
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जमशेदपुर के बारीडीह कॉलोनी निवासी के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रेलर को जब्त कर लिया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

