Breaking
Sat. Aug 15th, 2026

अज्ञात अपराधियों ने वकील के भाई को गोली मारकर किया घायल, रिम्स रेफर।*

कुडू – लोहरदगा : कुडू–चंदवा मुख्य मार्ग एनएच–75 पर कुडू और चंदवा की सीमा स्थित लाधूप सेनहा पुल के समीप शुक्रवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने घात लगाकर लातेहार के अधिवक्ता राजेश यादव के भाई योगेश यादव उर्फ बाबा यादव पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उन पर फायरिंग की, जिसमें गोली उनकी हथेली में जा लगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदवा थाना क्षेत्र के लाधूप सेनहा निवासी योगेश यादव शुक्रवार की शाम राजगुरुआ गांव में एक रिश्तेदार के यहां पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटने के दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने लाधूप सेनहा पुल के पास उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बावजूद योगेश यादव ने साहस का परिचय देते हुए अंधेरे का लाभ उठाया और किसी तरह भागकर अपने घर पहुंचे। वहां से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल कुडू सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा रेफर कर दिया। बाद में उन्हें रिम्स भेजे जाने की सूचना है। घायल के परिजनों ने आशंका जताई है कि जमीन विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि घटना स्थल को लेकर कुडू और चंदवा पुलिस फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बताने से परहेज कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post