कोडरमा। सतगावां थाना क्षेत्र के बासोडीह पंचायत अंतर्गत ग्राम रजघट्टी के शेखवा टोला में कुएं से 28 वर्षीया विवाहिता नूरजहां खातून का शव बरामद किया गया है। सूचना मिलते ही सतगावां थाना से एसआई कार्तिक सिंह मुंडा एवं एसआई बलराम सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां कुरैशा खातून ने पुत्री की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि नूरजहां की शादी 8 वर्ष पूर्व रजघट्टी निवासी मोहमद मुर्तजा अंसारी के साथ हुई थी। नूरजहां मुर्तजा की दूसरी पत्नी थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले अक्सर नूरजहां के साथ मारपीट करते थे और लगातार मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। इस विवाद को सुलझाने के लिए पूर्व में कई बार सामाजिक समझौता भी हुआ था। मृतका की मां के अनुसार, ससुराल वालों ने फोन कर कहा कि नूरजहां रविवार शाम 5 बजे से गायब है। जबकि रात करीब 7:30 बजे उसने अपनी बड़ी बहन से लगभग 20 मिनट तक फोन पर बात की थी। मेरी पुत्री की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया है। हम इस मामले में थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग करेंगे। नूरजहां की मौत के बाद उसकी चार वर्षीया बेटी के सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। परिजनों ने थाने में आवेदन देने की बात कही है।

