Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

रोशन एकका का हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल कैंप के लिए चयन, नेवल टाटा हॉकी अकादमी की बड़ी उपलब्धि

जमशेदपुर। जमशेदपुर स्थित नेवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के प्रतिभाशाली कैडेट रोशन एकका का चयन हॉकी इंडिया जूनियर मेन्स TOPS नेशनल कोचिंग एवं ट्रेनिंग कैंप के लिए किया गया है। यह राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के बेंगलुरु स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) में 15 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। रोशन का यह चयन न केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष और मेहनत का परिणाम है, बल्कि नेवल टाटा हॉकी अकादमी के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण तंत्र की भी पुष्टि करता है।

रोशन एकका ने वर्ष 2019 में नेवल टाटा हॉकी अकादमी में प्रवेश लिया था और वर्ष 2023 तक यहां रहकर सघन प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उनके खेल कौशल, अनुशासन और निरंतर प्रगति ने प्रशिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अप्रैल 2023 में उनका चयन एनसीओई लखनऊ के लिए हुआ, जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को और निखारा। अब हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल कैंप के लिए हुआ चयन उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण का प्रमाण माना जा रहा है।

इस चयन के साथ रोशन एकका नेवल टाटा हॉकी अकादमी के आठवें ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें किसी राष्ट्रीय स्तर के कैंप में स्थान मिला है। इससे पहले अकादमी के तीन पूर्व कैडेट्स सब-जूनियर राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जो एनटीएचए की मजबूत विकास प्रणाली को दर्शाता है।

अकादमी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने रोशन को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से शुरू हुई रोशन की यात्रा, एनसीओई लखनऊ और अब जूनियर नेशनल कैंप तक पहुंचना, उनके अनुशासन, कड़ी मेहनत और अकादमी के मार्गदर्शन का परिणाम है।

नेवल टाटा हॉकी अकादमी लगातार जमीनी स्तर से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार कर रही है। रोशन एकका का चयन इसी सतत प्रयास और समर्पित प्रशिक्षण व्यवस्था की एक और महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Related Post