*लातेहार:* नगर निकाय चुनाव को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता के बीच लातेहार जिला मुख्यालय में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक कार से करीब 40 लाख रुपए नगद बरामद किए गए। बताया गया कि ये रुपए एक बैग में रखे हुए थे, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की पुष्टि लातेहार एसपी कुमार गौरव ने की है और उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
*वाहन जांच के दौरान मिला नगद बैग*
जानकारी के अनुसार, नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र प्रशासन ने जिले के शहरी क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर वाहन जांच अभियान शुरू किया है। बुधवार शाम जब पुलिस टीम वाहनों की तलाशी ले रही थी, तभी एक कार की जांच के दौरान एक बैग में भारी मात्रा में नकदी पाई गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बैग में ₹500, ₹200, ₹100 और ₹50 के नोटों की गड्डियां थीं।
सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने पैसे को जब्त कर जांच शुरू की।
*एसपी बोले – पूरी पारदर्शिता के साथ होगी जांच*
लातेहार एसपी कुमार गौरव ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर शहर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
“एक वाहन से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। जांच जारी है कि ये पैसे कहां से आए और कहां ले जाए जा रहे थे,” — कुमार गौरव, एसपी लातेहार
उन्होंने कहा कि यदि मामले में आचार संहिता के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
*नगद राशि ले जाने के लिए जरूरी है प्रमाण*
एसपी ने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद ₹49,000 से अधिक नकद राशि लेकर चलते हुए पकड़े जाने पर मामला स्वतः जांच के दायरे में आता है।
“यदि कोई व्यक्ति बड़ी राशि लेकर जा रहा है तो उसके पास बैंक स्टेटमेंट या प्रमाणिक दस्तावेज होना अनिवार्य है,”
*कुमार गौरव*
उन्होंने आम नागरिकों और प्रत्याशियों से अपील की है कि आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन करें, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

