Breaking
Fri. Jul 24th, 2026

गम्हरिया में मकान से 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

गम्हरिया।सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपुर झोपी स्कूल के पास स्थित एक मकान से 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ज्ञानु राय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्ञानु राय अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहते थे और घर पर ही छोटी किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बताया जाता है कि उनकी पत्नी तीन दिन पहले बिहार के भोजपुर स्थित अपने मायके गई हुई थी। बड़ा बेटा पटना में रहकर पढ़ाई करता है, जबकि छोटा बेटा गांव में ही रहता है।

गुरुवार सुबह बड़ा बेटा जब पिता से फोन पर संपर्क नहीं कर पाया तो उसने घर में रह रहे किराएदार को फोन कर पिता से बात कराने को कहा। इसके बाद जब किराएदार मकान पहुंचा तो ज्ञानु राय को मृत अवस्था में पाया। घटना की जानकारी तुरंत परिजनों और आसपास रह रहे रिश्तेदारों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Related Post