Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

घाटशिला उपचुनाव में मतदान शुरू, मतदाताओं में उत्साह, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

जमशेदपुर।मंगलवार की सुबह सात बजे से घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गया। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखाई दीं और लोगों में वोटिंग को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में भी पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।

चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मतदान प्रक्रिया की वेबकास्टिंग के माध्यम से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारी निरंतर निगरानी रख रहे हैं ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो।

इस बीच, दिल्ली में सोमवार शाम हुए बम धमाके के बाद पूरे झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने हाई अलर्ट जारी करते हुए सभी जिलों में सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया है। रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के सभी थाना व ओपी प्रभारी खुद सड़कों पर उतरकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में विशेष पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और पहचान पत्रों की जांच भी की जा रही है।

 

प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा जांच अभियान मतदान प्रक्रिया के दौरान और उसके बाद भी जारी रहेगा ताकि राज्यभर में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Related Post