सोशल मीडिया पर अवैध पोस्ट और आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी एक प्राथमिकी दर्ज की गई है
घाटशिला। पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को घाटशिला विधानसभा (अ.ज.जा) उप निर्वाचन 2025 का मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में सम्पन्न हुआ। मतदान को लेकर मतदाताओं में दिनभर उत्साह देखने को मिला।
मतदान सम्पन्न होने के बाद अनुमंडल कार्यालय, घाटशिला में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी। मौके पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, निर्वाची पदाधिकारी–सह–अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने बताया कि शाम 5 बजे तक कुल 73.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जबकि अंतिम मतदान प्रतिशत की घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के दिशा–निर्देशों के अनुरूप सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित की गई थी। मतदान के दौरान जिले में किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
उन्होंने बताया कि मॉक पोल के दौरान 2 बैलेट यूनिट (BU), 1 कंट्रोल यूनिट (CU) और 4 वीवीपैट मशीनें बदली गईं, जबकि वास्तविक मतदान के दौरान 1 बीयू, 1 सीयू और 5 वीवीपैट मशीनों को प्रतिस्थापित किया गया। मतदान समाप्त होने के बाद कुल 297 मतदान दलों ने को–ऑपरेटिव कॉलेज स्थित रिसीविंग सेंटर में अपने ईवीएम मशीनें जमा कीं, जबकि दुर्गम क्षेत्रों से जुड़े तीन दल 12 नवम्बर को अपनी ईवीएम जमा करेंगे।
कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि इस उपचुनाव में 31 मतदाताओं ने होम वोटिंग का लाभ उठाया। वहीं दिव्यांग मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 93.63% और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 90.62% रहा, जो लोकतंत्र के प्रति जनता की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मतदान दिवस के दौरान सोशल मीडिया पर अवैध पोस्ट से संबंधित एक प्राथमिकी और आदर्श आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी एक प्राथमिकी दर्ज की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन का शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल संचालन जिले के सभी मतदाताओं, मतदानकर्मियों, सुरक्षा बलों, निर्वाचन अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगी कर्मियों के संयुक्त प्रयासों से संभव हुआ है। उन्होंने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने यह भी बताया कि ईवीएम की सुरक्षा और स्ट्रॉन्ग रूम की सीलिंग निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत अभ्यर्थियों और उनके एजेंटों की उपस्थिति में की जाएगी।

