Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

घाटशिला उपचुनाव: साइलेंस पीरियड शुरू, प्रशासन सतर्क मोड में

जमशेदपुर: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने रविवार शाम 5 बजे से साइलेंस पीरियड लागू कर दिया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि मतदान शुरू होने से 48 घंटे पहले प्रचार पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में किसी भी प्रकार का रोड शो, जुलूस या माइक से प्रचार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाहरी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को क्षेत्र छोड़ने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

साइलेंस पीरियड लागू होते ही पुलिस ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के होटल, लॉज, मैरिज हॉल और वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है। एसएसपी पीयूष पांडे के अनुसार, नकदी, नशीले पदार्थ और अवैध असलहों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 19 अवैध हथियार, 34 कारतूस जब्त किए जा चुके हैं और 600 लोगों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं।

डीसी ने बताया कि 100 लाइसेंसधारी हथियारधारकों के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जबकि 1233 लोगों ने स्वेच्छा से अपने लाइसेंस जमा किए हैं। 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और 300 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। इनमें 186 को क्रिटिकल श्रेणी में रखा गया है, जहां अर्द्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था को भी चुनाव के मद्देनजर बदला गया है। 10 नवंबर की सुबह 4:30 से 11:30 बजे और 11 नवंबर की शाम 4:30 से रात 11:30 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल छोटे व आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन ही चल सकेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

Related Post