Breaking
Sun. Apr 19th, 2026

आदित्यपुर में युवक का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस ने जांच शुरू की

आदित्यपुर।सरायकेला-खरसावां जिला स्थित सातबहनी जमालपुर वार्ड संख्या 3 स्थित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर से शनिवार को एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान राकेश कुमार महतो के रूप में हुई है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम की ओर से निर्मित इस आरोग्य मंदिर सह सामुदायिक भवन के हॉल में युवक का शव पंखे से लटका पाया गया। सुबह स्थानीय लोगों ने देखी और अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा भीतर से बंद था। दरवाजा खुलवाने के बाद अंदर युवक का शव फंदे से झूलता मिला। तत्काल घटना की सूचना आदित्यपुर थाना पुलिस को दी गई।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार रात राकेश का अपनी मां से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा। परिवार को लगा कि वह किसी दोस्त के घर गया होगा, लेकिन सुबह उसका शव आरोग्य मंदिर में फंदे से लटका मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर नगर निगम के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है। मृतक के परिवारजनों, मित्रों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।

Related Post