Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

नागासरेन चौक पर दर्दनाक हादसा: ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की ट्रक से कुचलकर मौत

चौका:सरायकेला जिले के चौका थाना अंतर्गत नागासरेन चौक पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात एक चौकीदार की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के तहत चौकीदार को ड्यूटी पर लगाया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईचागढ़ थाना में पदस्थापित चौकीदार नारायण गोराई नागासरेन चौक पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि चौकीदार की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। ट्रक को जब्त कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही से हुई या अन्य कोई कारण था।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Post