Breaking
Wed. Nov 4th, 2026

भारी बारिश का कहर : राजनगर में कच्चा मकान गिरा, 10 लोग मलबे में दबे, 7 गंभीर रूप से घायल

राजनगर।सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के डांडू गांव में शुक्रवार देर शाम भारी बारिश के बीच मिट्टी का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में घर के सदस्य और आए मेहमान समेत कुल 10 लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए हाथों और औजारों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

ग्रामीणों ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सात लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही राजनगर बीडीओ मलय कुमार, झामुमो केंद्रीय सदस्य विशु हेंब्रम और स्थानीय मुखिया सानो टुडू मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। लगातार हो रही बारिश और कीचड़ के बावजूद ग्रामीणों ने अपने स्तर से बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया।

Related Post