Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

मानगो में महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर हमला

जमशेदपुर। स्वतंत्रता दिवस की शाम मानगो थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के नाम पर महिला के साथ मारपीट और उत्पीड़न की सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोप है कि 15 अगस्त की रात कुछ लोगों ने स्थानीय महिला सुषमा कुमारी को ‘डायन-बिसाही’ बताकर उसके घर में घुसकर हमला किया।

घटना करीब शाम सात बजे की बताई जा रही है, जब संदीप शर्मा, गुड़िया कुमारी, रिंकी कुमारी, पिंकी कुमारी, अर्चना कुमारी और संगीता देवी नामक छह लोग पीड़िता के घर पहुंचे और उस पर डायन होने का आरोप लगाने लगे। आरोपियों ने पहले गालियां दीं और फिर मारपीट शुरू कर दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

घटना से आहत सुषमा कुमारी ने तुरंत मानगो थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नामजद छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि अंधविश्वास के नाम पर महिला उत्पीड़न गंभीर अपराध है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

Related Post