Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

विशाल महतो की संदिग्ध मौत से नाराज परिजनों ने किया हंगामा, शव सड़क पर रखकर थाना के सामने प्रदर्शन

जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह 25 वर्षीय युवक विशाल महतो की संदिग्ध हालात में मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने उलीडीह थाना के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दी। उन्होंने टायर जलाकर हत्यारे की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।

विशाल रविवार रात यह कहकर घर से निकला था कि वह सूर्य मंदिर सजाने जा रहा है। सोमवार सुबह उसका शव दुर्गा मंदिर के पास एक मकान की छत पर मिला। मृतक कृष्णा नगर गौड़ बस्ती का निवासी था और मजदूरी कर परिवार चलाता था।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और कहा कि विशाल का किसी से कोई विवाद नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम भेज दिया है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया। पुलिस हर एंगल से जांच की बात कह रही है।

Related Post