Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल, आर्थिक तंगी में परिवार की मुश्किलें बढ़ीं

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित डिमना-पटमदा मुख्य सड़क पर रविवार रात करीब 11 बजे हलुदबनी सिदो-कान्हु चौक के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के सीधाडांगा निवासी अमूल्य सिंह और माटीगाड़ा निवासी दिनेश गोप एक ही स्कूटी पर सवार होकर लायलम गांव स्थित अमूल्य सिंह के रिश्तेदार के घर जा रहे थे, तभी अचानक हुई दुर्घटना में दोनों बुरी तरह घायल हो गए।

दिनेश गोप के दाहिने पैर की घुटने की हड्डी टूट चुकी है और वह करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर पड़ा रहा। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान विनय नरेश मुर्मू ने मदद के लिए प्रयास किया, लेकिन एम्बुलेंस न मिलने के कारण घायल युवक को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। इसके बाद घायल अमूल्य सिंह के तूरियाबेड़ा स्थित चाचा को फोन कर मदद मांगी गई, जिन्होंने टेम्पो से दोनों युवकों को करीब 12 बजे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।

दिनेश गोप ठेका मजदूर हैं और जादूगोड़ा स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। दुर्घटना के बाद उनकी पत्नी सोमवार को एमजीएम अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश को रिम्स रेफर किया है, जहां परिजन उसे एम्बुलेंस से लेकर रवाना हो चुके हैं।

इस घटना में शामिल कार की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय विधायक और मंत्री रामदास सोरेन को भी मामले की जानकारी दी गई है और परिजनों ने उनकी मदद की गुहार लगाई है।

Related Post