Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, शादी का जश्न मातम में बदला

पलामू:जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुसमनिया गांव में रविवार रात करीब 9:30 बजे एक भयानक हादसा हुआ, जिसमें बाइक पर सवार पिता-पुत्र 11 हजार वोल्ट के बिजली करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिमरसोत गांव के 45 वर्षीय बिंदु मेहता और उनके 22 वर्षीय पुत्र विपिन मेहता के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों जनरेटर में तेल खत्म होने के कारण डीजल लेने पेट्रोल पंप जा रहे थे। इसी दौरान कुसमनिया गांव के मुख्य नहर पुल के पास टूटे हुए हाई वोल्टेज बिजली तार से करंट लगने के कारण यह हादसा हुआ। करंट लगने से बाइक भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

यह दुखद घटना उस समय हुई जब घर में बिंदु मेहता की भतीजी की शादी का हल्दी कार्यक्रम चल रहा था। खुशी के इस मौके पर पिता-पुत्र की मौत की खबर ने परिवार और गांव में कोहराम मचा दिया। खुशी का माहौल मातम में बदल गया।

पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और बिजली विभाग को भी सूचना दी गई है। स्थानीय लोगों ने हाई वोल्टेज तार टूटे होने की बात पहले भी अधिकारियों को बताई थी, लेकिन समय पर उचित कार्रवाई न होने से यह हादसा हुआ।

यह घटना सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बिजली विभाग की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करती है।

Related Post