Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

डेविड के अंतिम संस्कार के लिए भिड़े सफाईकर्मी और परिजन

जमशेदपुर। एमजीएम अस्पताल में रविवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब सफाई कर्मचारियों और मृतक डेविड के परिजनों के बीच उसके शव को लेकर विवाद हो गया। डेविड की मौत शनिवार को मेडिसिन भवन का छज्जा गिरने से हो गई थी।

शनिवार को एमजीएम अस्पताल के मेडिसिन भवन का छज्जा गिरने से डेविड नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। डेविड लंबे समय से अपाहिज था और पिछले 10 वर्षों से अस्पताल के सफाई कर्मचारी ही उसकी देखरेख कर रहे थे। सफाईकर्मियों का कहना है कि डेविड के परिवार वालों ने इन सालों में कभी उसकी सुध नहीं ली, न ही अस्पताल आकर उससे मिले। डेविड की दैनिक जरूरतों से लेकर देखभाल तक का जिम्मा सफाईकर्मियों ने ही निस्वार्थ भाव से उठाया।

रविवार को जब सरकार की ओर से मुआवजे की घोषणा हुई, तो डेविड के परिजन सुबह ही अस्पताल पहुंच गए और शव को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे। इस पर सफाईकर्मियों ने विरोध जताया और शव सौंपने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब डेविड की सेवा उन्होंने की है, तो अब वे ही उसके परिवार के रूप में अंतिम संस्कार करेंगे।

सफाईकर्मियों ने स्पष्ट किया कि वे मुआवजे की राशि नहीं चाहते, बल्कि सिर्फ यह चाहते हैं कि डेविड का अंतिम संस्कार वही लोग करें जिन्होंने जीवनभर उसकी सेवा की। अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों के बावजूद विवाद देर तक चलता रहा।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस विवाद का समाधान नहीं हो पाया था और अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

Related Post