Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

आदित्यपुर में युवक की गोली और चाकू से हत्या, इलाके में सनसनी ..

आदित्यपुर-:आदित्यपुर थाना अंतर्गत सालडीह बस्ती में बीती रात एक युवक की गोली और चाकू से हत्या कर दी गई। मृतक का नाम पंकज माझी है, जिसकी हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी है। यह घटना गुरुवार देर रात हुई, जब पंकज अपने घर लौट रहा था।

विवाद का कारण

मृतक की बहन अंजलि ने बताया कि पंकज का दो दिन पहले कृष्णा, चंदू और राम के साथ फोन और पैसे को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते अपराधियों ने उसे निशाना बनाया।

पंकज बीती रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच बिष्टुपुर से घर लौट रहा था। इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीनों आरोपियों ने उस पर चाकू और गोली से हमला कर दिया।

हमले के तुरंत बाद पंकज को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन सभी आरोपी फरार हैं।

इस घटना ने न केवल मृतक के परिवार को बल्कि पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस द्वारा की जा रही जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, ताकि जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार किया जा सके।

Related Post