Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या की, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया !

घाटशिला-:जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के उलदा पंचायत के दिगड़ी गांव में मंगलवार को एक खौफनाक घटना हुई, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, दिगड़ी गांव निवासी लुधा कैवर्त ने मंगलवार दोपहर अपनी पत्नी गुरुवारी कैवर्त (35) की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। कुल्हाड़ी की मार इतनी तेज थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने जादूगोड़ा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार को सूचित किया। पुलिस ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर आरोपी लुधा कैवर्त को गिरफ्तार कर लिया। महिला के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हालांकि हत्या के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है, लेकिन थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि हत्या के समय घर पर कोई और नहीं था, क्योंकि लुधा कैवर्त के दो बेटे, शिवा कैवर्त और देवा कैवर्त, मछली पकड़ने के लिए स्वर्णरखा नदी गए हुए थे। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Post