Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

घाटशिला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर व्यक्ति की मौत …

घाटशिला: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर सोमवार को पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर जमशेदपुर के गोलमुरी निवासी 45 वर्षीय लोकेश कुमार दास की मौत हो गई। लोकेश दास भुवनेश्वर से इलाज कर लौट रहे थे और घाटशिला स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गए। जीआरपी और आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सक डॉ. मीरा मुर्मू ने बताया कि लोकेश के सिर और अन्य जगहों पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

मृतक के साढ़ू भाई, ज्ञानेश रंजन महंथी ने बताया कि लोकेश जमशेदपुर के गोलमुरी के निवासी थे और बारीडीह स्थित विजय हेरिटेज में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में केवल पत्नी और एक छोटी बच्ची है। घर पर और कोई नहीं है, इसलिए शव लेकर वे जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए।

भाजपा नेता हेमंत नारायण देव, पल्टु सरदार, बाबू नाथ, और कलीराम शर्मा ने शव का पोस्टमार्टम करवाने और जमशेदपुर भिजवाने में सहयोग किया।

इस दुखद घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है, और परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग और प्रशासन सभी प्रकार की मदद करने के लिए आगे आए हैं।

Related Post