चाईबासा: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डीलियामार्चा गांव में शनिवार को तालाब में डूबने से करीब 30 वर्षीय गर्भवती महिला जेमा तियू की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम छा गया है।
घटना के संबंध में मृतका के बड़े भाई रेंगो देवगम ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जेमा तियू गांव के तालाब में कपड़ा धोने और नहाने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।
बताया गया कि उस समय जेमा तियू के साथ उसके तीन बच्चे और पड़ोस की एक महिला भी मौजूद थी। काफी देर तक जब जेमा पानी से बाहर नहीं निकली तो बच्चों और महिला ने इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी। सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की।
घटना की जानकारी मिलने पर जेमा तियू के पति रेंगो तियू भी तालाब पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे तक तलाश करने के बाद जेमा तियू को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद टोटो की व्यवस्था कर उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा लाया गया।
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच की, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद डीलियामार्चा गांव में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

