रांची: दशम फॉल थाना क्षेत्र में कांची नदी के किनारे एक 17 वर्षीय किशोरी का शव बालू में दफन अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक कुत्ता लगातार नदी किनारे एक ही जगह बालू खोदता दिखाई दिया। उसकी संदिग्ध गतिविधि ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया और एक भयावह घटना सामने आ गई।
मंगलवार सुबह चुरगी पंचायत के सारजमडीह गांव के कुछ ग्रामीण कांची नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक कुत्ता लगातार बालू खोद रहा है। ग्रामीणों को शक हुआ तो वे उस स्थान के करीब पहुंचे। वहां बालू के नीचे से मानव शरीर का हिस्सा दिखाई देने पर लोगों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद दशम फॉल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। जब बालू हटाया गया तो वहां से एक किशोरी का शव बरामद हुआ। कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंची मृतका की मां ने शव की पहचान अपनी 17 वर्षीय बेटी हिस्सी कुमारी के रूप में की।
जानकारी के अनुसार, हिस्सी कुमारी पिछले कई वर्षों से अड़की थाना क्षेत्र के बाड़ीगाड़ा गांव में अपने मामा के घर रह रही थी। वह करीब एक सप्ताह से लापता थी और परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। हालांकि उन्हें इस बात का अंदेशा नहीं था कि उनकी बेटी के साथ इतनी दर्दनाक घटना घट चुकी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कांची नदी के किनारे बालू में दफना दिया था। पुलिस हत्या के कारणों, घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन पड़ताल जारी है।

